बिना जाँच-पड़ताल के
31 अक्टूबर, 1984 को श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या कर दी गई। जब लोगों को पता चला कि यह हत्या प्रधानमंत्री की सुरक्षा टीम के दो सिख सुरक्षाकर्मियों ने की है, तो सिख समुदाय के ख़िलाफ़ हिंसा भड़क उठी।
1 नवंबर और 2 नवंबर की दरम्यानी रात को लेखक अपने दिल्ली (निज़ामुद्दीन) के घर में सो रहे थे कि रात 11 बजे फ़ोन की घंटी बजी। एक शख़्स ने बताया कि दिल्ली के पानी में ज़हर मिला दिया गया है, इसलिए नल का पानी इस्तेमाल न किया जाए। कुछ मिनट बाद फिर फ़ोन बजा। एक और व्यक्ति ने यही ख़बर सुनाई। थोड़ी देर बाद दरवाज़े की घंटी बजी। बाहर निकले तो सड़क पर कई नौजवान यही ख़बर बताने के लिए खड़े थे। कुछ देर बाद एक और समूह ने दरवाज़ा बजाकर यही सूचना दोहराई। जल्द ही निज़ामुद्दीन इलाक़े की मस्जिदों के लाउड स्पीकरों से घोषणा की जाने लगी—“ख़बर मिली है कि पानी में ज़हर मिला दिया गया है। लोग नल के पानी का बिलकुल इस्तेमाल न करें।”
लगभग दो घंटे तक इन ख़बरों और घोषणाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी। ख़बर सुनते ही हमने तुरंत रेडियो चालू किया और रात 12 बजे और 1 बजे दिल्ली रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम सुने। दोनों ही बार रेडियो ने साफ़ शब्दों में कहा कि पानी में ज़हर मिलाए जाने की अफ़वाह पूरी तरह झूठी है। पानी का आधिकारिक तौर पर टेस्ट किया गया था और इसे पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। इसके बाद हमने दिल्ली पुलिस को 100 नंबर पर फ़ोन किया। उन्होंने भी कहा कि पानी में ज़हर मिलाने की अफ़वाह पूरी तरह बेबुनियाद है। पानी बिलकुल ठीक है और जाँच के बाद इसमें कोई गंदगी नहीं पाई गई।
2 नवंबर की सुबह जब हमने अख़बार देखे, तो पहले पन्ने पर दिल्ली नगर निगम आयुक्त श्री पी.पी. श्रीवास्तव का बयान छपा था कि दिल्ली का नल का पानी पूरी तरह सुरक्षित है। इसे बार-बार टेस्ट किया गया और कोई ज़हरीला पदार्थ नहीं पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि 31 अक्टूबर से ही सभी वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट पर सख़्त सुरक्षा तैनात कर दी गई थी।
सामाजिक जीवन में अकसर गड़बड़ियाँ सिर्फ़ इसलिए पैदा होती हैं, क्योंकि लोग कोई ख़बर सुनते हैं और बिना जाँच-पड़ताल के उस पर विश्वास कर लेते हैं। अगर लोग ख़बरों की पुष्टि करना शुरू कर दें, तो ज़्यादातर झगड़े और दंगे पैदा होने से पहले ही रुक सकते हैं।
